पंचकूला, 10 नवंबर। हरियाणा में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक किया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर (रिविजनल राउंड) आयोजित होगा। यह जानकारी उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी सतपाल शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले 10 से 24 जनवरी, 2027 तक प्रदेशवासियों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
डीसी ने बताया कि जनगणना-2027 डिजिटल माध्यमों से कराई जाएगी। इसके लिए प्रगणक (एन्यूमरेटर) स्मार्टफोन में उपलब्ध विशेष मोबाइल एप के जरिए आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) के माध्यम से फील्ड स्तर पर कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और निगरानी की जाएगी। इससे आंकड़े जुटाने में त्रुटियों को कम करने और निर्धारित समय में जनगणना पूरी करने में मदद मिलेगी।
40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
उपायुक्त ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से एकत्र की जाएगी, जिसमें कुल 40 सवाल होंगे। इनमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित विषयों से जुड़े सवाल शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाएं तैयार करने, बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने तथा विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए सभी नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी और पूरा सहयोग देने की अपील की गई है।
सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की लगेगी ड्यूटी
डीसी ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में स्कूल शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि जनगणना कार्य में तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और सावधानी से करें। इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आधार, पासपोर्ट और वोटर आईडी नंबर रखें तैयार
उपायुक्त ने नागरिकों से स्व-गणना के दौरान सही और पूरी जानकारी दर्ज करने तथा बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के बाद प्रगणक घरों में जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करने और उसका सत्यापन करने के लिए पहुंचेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना आधार नंबर, पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) नंबर और मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) नंबर उपलब्ध रखें, ताकि जनगणना के दौरान जरूरत पड़ने पर संबंधित जानकारी प्रगणकों को दी जा सके।
जनगणना कार्य में बाधा डालने पर होगी कानूनी कार्रवाई
डीसी ने चेतावनी दी कि अधिकृत जनगणना अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सरकारी कार्यों के निर्वहन में बाधा पहुंचाने या जनगणना प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत ऐसे अपराधों में तीन साल तक की कैद और एक हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने सभी नागरिकों से स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और जनगणना कर्मचारियों को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों और संबंधित विभागों के सामूहिक सहयोग से प्रदेश के प्रत्येक घर और व्यक्ति की गणना सुनिश्चित की जा सकेगी तथा किसी भी प्रकार की छूट या दोहराव से बचा जा सकेगा।
