चंडीगढ़। सेक्टर-52 कजेहड़ी में पिछले कई सालों से रह रही राजवती बीते 23 सितंबर से परिवार समेत गायब है। उसके घर पर ताला लगा है। आरोप है कि उसने 24 तारीख को लोगों काे पैसे देने के लिए कहा हुआ था। उस पर लगभग 700 लोगों से 8 करोड़ रुपये ठगी कर फरार होने के आरोप लगे हैं। मामले में पीड़ित लोगों ने बीते 26 सितंबर को एसएसपी को शिकायत दी थी। महिला की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार कॉलोनी में राजवती के घर के बाहर करीब 200 पीड़ितों ने नारेबाजी की और फिर सेक्टर-36 थाने के बाहर जुटे। जिसके बाद देर शाम थाना पुलिस ने राजवती समेत उसके बेटे और बेटी के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में केस दर्ज कर दिया।
राजवती समेत उसके बेटे राजेश व बेटी दीपा की तलाश जारी है। कॉलोनी के पीड़ित निवासियों ने तीनों का पता बताने वाले के लिए 1 लाख रुपये इनाम की घोषणा करते हुए व्हट्सएप पर पोस्टर भी सर्कुलेट किए हुए हैं। एसएसपी को दी शिकायत के मुताबिक राजवती बिना बताए अपनी यहां एक फैक्ट्री भी बेच गई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि राजवती पिछले कई सालों से कमेटियां पा रही थी और वहीं लोगों से 5 प्रतिशत ब्याज पर पैसे उधार लेती व ब्याज पर पैसे उधार देती भी थी। उसने कई साल कमेटियां पा लोगों के पैसे वापस करती रही। ऐसे में लोगों का विश्वास जीतने के बाद वह करोड़ों की रकम उधार व कमेटियों के रूप में लेकर फरार हो गई। उसे कई महिलाओं ने लाखों में रकम दे रखी थी। यह 50-60 हजार रुपये से लेकर 15-16 लाख तक थी। मोहित नामक युवक ने कहा कि राजवती उसके 25 लाख रुपये लेकर भागी है।
फाइनेंस का काम करने वाले विकास ने कहा कि उसके साथ 1.25 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। स्थानीय काउंसलर के भाई कुलबीर सिंह के साथ साढ़े 4 लाख रुपये की ठगी हुई है। बंदना ठाकुर नामक महिला ने बताया कि वह कई सालों से राजवती के पास कमेटियां पा रही थी। उसने अपने रिश्तेदारों के पैसे भी लगाए हुए थे। अब उन सभी के साथ लाखों रुपये की ठगी हो गई। जिससे उनकी आर्थिक हालत बेहद खराब हो गई है। स्थानीय आप नेता शकील मोहम्मद ने पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई व लोगों के डूबे करोड़ों रुपये दिलवाने की मांग की है।





