चंडीगढ़

सेक्टर-10 में हुए ग्रेनेड हमले और इन दिनों फेस्टिव सीजन के मद्देनजर शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों और प्रमुख इमारतों में मॉक ड्रिल की गई। कहीं ‘बम’ लगा दिया गया था, कहीं ‘आतंकी’ छिपे हुए थे। ड्रिल सुबह से शुरू होकर रात तक जारी थी। ड्रिल में एनएसडी गांडीव 6 टीम ने प्रमुखता से हिस्सा लिया। इसके साथ ही यूटी, पंजाब-हरियाणा की पुलिस के जवान भी थे। यूटी पुलिस की ऑपरेशन सेल, आर्मी गोरखा रेजिमेंट(चंडीमंदिर), बम डिस्पोजल टीमें, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, मोबाइल फोरेंसिक व सीएफएसएल टीमें और डॉग स्क्वायड भी ड्रिल में शामिल हुए।
दिन में सेक्टर 11/15 अंडरपास, सुखना लेक कैफेटेरिया, आईएसबीटी-43, बीबीएमबी, सेक्टर-28 में ड्रिल हुई। शाम को विधानसभा, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट-43, सेक्टर-17 ताज होटल, इंडस्ट्रियल एरिया में ड्रिल चलाई गई।
ड्रिल के दौरान संबंधित बिल्डिंग की घेराबंदी करने के बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुखना लेक पर आइलैंड में छिपे डमी आतंकी को मारकर 2 बंधक बचाए गए। वहीं ताज होटल में एनएसजी और ऑपरेशन सेल के कमांडो ने आतंकी मार गिराया। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में छिपे आतंकी को मार गिराया। ड्रिल के दौरान रोबोट और बॉम्ब बास्केट का इस्तेमाल भी हुआ।
हरियाणा राजभवन के वेटर समेत 2 को गाड़ी में बिठा लियासेक्टर-11/15 अंडरपास: पुलिस ने सेक्टर-15 की तरफ से रोड बंद की हुई थी। तभी बाइक पर 2 युवक वहां तक पहुंच गए, जहां टीमें ड्रिल शुरू करने वाली थीं। दाेनों को पुलिस ने गाड़ी में बिठा लिया। युवकों ने अपनी पहचान सेक्टर-11 कोठी के कुक रोहित व हरियाणा राजभवन में वेटर भगवती प्रसाद के रूप में बताई। दोनों किसी को पीजीआई में खाना देने जा रहे थे। काफी मिन्नतों के बाद इन्हें जाने दिया गया।




