चंडीगढ़। पंजाब युनिवर्सिटी(पीयू) के ब्लॉक-1 के हॉस्टल नंबर-7 के रूम नंबर 93 में गेस्ट के रूप में सोमवार रात से रूके एक युवक की मौत हो गई है। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। बुधवार पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। युवक की पहचान हिमाचल प्रदेश के कुल्लू निवासी विकास के रूप में हुई है। वह हॉस्टल में अपने दोस्त होटल मेनेजमेंट(सेकंड ईयर) स्टूडेंट प्रणव के रूम में गेस्ट के रूप में आकर रूका हुआ था। प्रणव यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मेनेजमेंट में स्टडी कर रहा है। सूत्र बताते हैं कि प्रणव हॉस्टल में नहीं था। वहीं उसने बाहर कहीं कमरा लिया हुआ था। यहां मृतक विकास के साथ 2 युवक और थे। इनमें से एक आउटसाइडर और एक स्टूडेंट बताया गया है। तीनों सोमवार रात एक पार्टी कर सो गए थे।
मंगलवार सुबह जब विकास नहीं उठा तो उसके दोस्त उसे हॉस्पिटल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस सूत्र बताते हैं कि मौत का कारण ड्रग ओवरडोज हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक कमरे से शराब की बोतलें भी मिली हैं। फिलहाल सेक्टर-11 थाना पुलिस ने बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि मृतक की हॉस्टल में एंट्री हॉस्टल रजिस्टर्ड में दर्ज नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक के दोस्तों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। वहीं उसकी जानकारी जुटा परिवार को सूचना दे दी गई है। फोरेंसिक टीम ने हॉस्टल के कमरे में छानबीन कर सैंपल लिए। सूत्रों के मुताबिक सिक्याेरिटी गार्ड्स ने उसे कई बार हॉस्टल में आते हुए देखा था।




