श्रीनगर की फ्लाइट कैंसल करवाने के बावजूद फ्लाइट व होटल बुकिंग का रिफंड नहीं दिया था, अब हर्जाना भरना हाेगा

चंडीगढ़। खराब मौसम के चलते श्रीनगर फ्लाइट कैंसल करवाने व होटल बुकिंग कैंसल करने की मांग के बावजूद रिफंड न देना सेक्टर-38डी के एवरग्रीन ट्रेवल्स व जम्मू एंड कश्मीर स्थित द खैयबर कॉर्पोरेट ऑफिस को महंगा पड़ा है। डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन ने इन्हें सेवा में कोताही का दोषी पाया। इन दोनों को एयर टिकट का बाकी रिफंड 49 हजार रुपये और हाेटल बुकिंग का 2.81 लाख रुपये वापस करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा शिकायतकर्ता पक्ष को आई मानसिक पीड़ा व शारीरिक शोषण के चलते 30 हजार रुपये हर्जाना भरने के आदेश दिए हैं। सेक्टर-8बी के रशपाल सिंह धालीवाल, उनकी पत्नी, उनके दोनों बच्चों, सेक्टर-33 के बिसमिन बराड़ व मोहाली फेज-2 के जयवीर सिंह ने अगस्त, 2023 में यह शिकायत दायर की थी।
शिकायतकर्ता पक्ष ने श्रीनगर का टूर करने के लिए एवरग्रीन ट्रेवल्स से संपर्क किया था। उन्हें बेहतर ट्रेवल और होटल बुकिंग का वादा किया गया था। ऐसे में 9 से 11 जुलाई, 2023 के ट्रेवल के लिए 1.34 लाख रुपये में 3 इंडिगो फ्लाइट बुक की गई। श्रीनगर के होटल ओरिएंट वेकेशन में शिकायतकर्ता पक्ष के रूम बुक हुए। खैयबर कॉर्पोरेट ऑफिस ने बुकिंग कंफर्म की थी। 2,81,800 रुपये में होटल बुकिंग हुई। 8 जुलाई काे शिकायतकर्ता को पता चला कि खराब मौसम के चलते फ्लाइट में देरी है। खराब मौसम के चलते शिकायतकर्ता पक्ष के पास बुकिंग कैंसल करवाने के अलावा कोई चारा नहीं था। ऐसे में एवरग्रीन ट्रेवल्स से बुकिंग कैंसल कर रिफंड मांगा गया।

वहीं खैयबर कॉर्पोरेट ने 9 जुलाई को बताया कि मौसम ठीक है और ट्रेवल कर लें। हालांकि शिकायतकर्ता पक्ष रिफंड या ट्रेवल टाइम बदलने की मांग करता रहा। इसके बावजूद बुकिंग कैंसल नहीं की गई। इसके पीछे कहा गया कि बुकिंग नाॅन-कैंसलेशन विंडो के तहत कवर्ड है। 1.34 लाख रुपये की एयर टिकट में से 85 हजार रुपये ही रिफंड हुए थे। वहीं 2.81 लाख की होटल बुकिंग में से कुछ भी रिफंड नहीं हुआ था। इस कृत्य को सेवा मंें कमी और गलत व्यापारिक गतिविधियां बता शिकायत दी गई थी। सुनवाई के दौरान खैयबर कॉर्पोरेट की ओर से कोई पेश नहीं हुआ था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!