पीएम विजिट से पहले “बैड करेक्टर्स’ को चेतावनी, 4 दिन में लगभग 250 डीडीआर कटी

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री 3 दिसंबर को शहर में होंगे। उनके आने से चंद दिन पहले सेक्टर-26 में हुए दाे बम धमाकों के बाद से शहर में पुलिस सुरक्षा बढ़ गई है। दिन में ही सेक्टरों में पुलिस नाके लग रहे हैं। संदिग्धों को रोक पूछताछ हो रही है। वहीं आपराधिक मामलों में जेल से छूटे अपराधियों समेत बाकी बैड करेक्टर्स के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126/169 के तहत तेजी से कार्रवाई हो रही है। पिछले 4 दिनों में लगभग 250 लोगों के खिलाफ 126/169 के तहत डीडीआर दर्ज हुई है। एक थाना एसएचओ ने बताया कि चोरी, स्नेचिंग समेत बाकी आपराधिक केसों में जमानत आदि पर जेल से छूटने वाले अपराधियों से सुरक्षा के लिहाज से पूछताछ हो रही है। उनके काम-धंधों और अपराध में फिर से संलिप्त न हों इस पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही चेतावनी भी जारी की जा रही है।

शहर के कई थानों की पुलिस “बैड करेक्टर्स’ का रिकार्ड निकाल उनसे पूछताछ कर डीडीआर काट रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई हो रही है। प्रधानमंत्री विजिट को लेकर पुलिस किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहती। शहर में जिन जगहों के बैड करेक्टर्स आदि से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ डीडीआर कटी है उनमें लगभग सभी शहर की कॉलोनियों से हैं। इनमें सबसे ज्यादा धनास ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, सेक्टर-25 कॉलोनी, डड्‌डूमाजरा, राम दरबार कॉलोनी, हल्लोमाजरा गांव, विकास नगर, मौली जागरां, बुड़ैल, बुटरेला और बडहेड़ी में रहने वाले अपराधी शामिल हैं। वहीं एक डीडीआर सेक्टर-51 पुलिस सोसाइटी के 56 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ भी कटी है। इनके अलावा लगभग आधा दर्जन पठानकोट, गुरदासपुर और लुधियाना के भी हैं।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!