कोटखाई कस्टोडियल डेथ केस में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों समेत थाना एचएचओ को पेश होने के हुक्म

चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के कोटखाई में हुई कस्टोडियल डेथ मामले में जिन डॉक्टरों ने गठित मेडिकल बोर्ड के तहत सूरज का पोस्टमार्टम किया था उन्हें चंडीगढ़ की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने समन कर पेश होने के आदेश दिए हैं। वहीं कोटखाई थाना एसएचअो को भी समन जारी कर पेश होने को कहा गया है। केस में डिफेंस की गवाहियां चल रही हैं। शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डिपार्टमेंट ऑफ फारेंसिक मेडिसन के एसोसिएट प्रोफेसर डा. राहुल गुप्ता समेत डा. पीयूष कपिला ने गठित बोर्ड के मेंबर के रूप में 19 जुलाई, 2017 को यह पोस्टमार्टम किया था। इन दोनों को पेश होना है। 12 दिसंबर के लिए समन किए गए हैं। साथ ही उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़ा रिकार्ड भी पेश करने को कहा गया है।

डा. राहुल गुप्ता ने कोर्ट से वीडियो-कांफ्रेंसिंग के जरिए बयान दर्ज करवाए जाने की मांग की। जिस पर बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उनके बयान रिकार्ड के साथ मैच करवाने हैं। ऐसे में उनके कोर्ट में बयान दर्ज करवाया जाना जरूरी है। ऐसे में कोर्ट ने वीसी से पेश होने की डाॅक्टर राहुल की मांग खारिज कर दी।

इनके अलावा कोटखाई थाने के एसएचओ को भी समन जारी कर पेश होने को कहा गया है। कोर्ट ने कहा कि एक आवश्यक ईमेल भी भेजी जाए ताकि यह सुनिश्चित हो जाए कि गवाह सुनवाई वाले दिन आ जाए। यह सबसे पुराना सेशंस केस है और डे-टू-डे हियरिंग पर है। किसी के भी स्तर पर होने वाली लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। वहीं कोर्ट ने साफ किया है कि इस बार केस में दोनों पक्षों की मांग पर लंबी तारीख दी गई है मगर भविष्य में ऐसी लंबी तारीख नहीं मिलेगी।

4 जुलाई, 2017 को कोटखाई क्षेत्र से 16 साल की लड़की गायब हो गई थी और 6 जुलाई को उसकी लाश हलैला जंगलों में मिली थी। पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टि हुई थी। लोगों के भारी रोष को देख तत्कालीन आईजी जहूर हैदर जैदी की अध्यक्षता में एक एसआईटी बनी थी। कुल 6 आरोपी पकड़े गए थे। वहीं सूरज नामक आरोपी की 19 जुलाई को कस्टडी में मौत हो गई थी। बाद में हाईकोर्ट के आदेशों पर सीबीआई को मामले की जांच सौंपी गई थी। कैदी की मौत मामले में मामले में जैदी के अलावा ठियोग के तत्कालीन डीएसपी समेत हिमाचल प्रदेश पुलिस के कुछ अन्य पुलिसकर्मी आरोपी हैं। सीबीआई ने कैदी सूरज सिंह की कस्टोडियल डेथ के मामले में हत्या का केस दर्ज किया था। 29 अगस्त, 2017 को जैदी की गिरफ्तारी हुई थी। जिसके बाद सभी पुलिसकर्मियों को जमानत मिल गई थी। इसी केस की सुनवाई सीबीआई कोर्ट में चल रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!