राजस्थान बीजेपी का स्टेट सेक्रेटरी बन फाइल पास करवाने का बहरूपिया बना रहा दबाव

चंडीगढ़। राजस्थान बीजेपी का स्टेट जनरल सेक्रेटरी बन कर हरियाणा के सिंचाई विभाग से जुड़ी एक फाइल पास करवाने के नाम पर अफसरों पर अनुचित दबाव बनाने के आरोपों पर एक शिकायत सेक्टर-3 थाने में दी गई है। मामले में शिकायतकर्ता हरियाणा के डब्ल्यूसीडी, सिंचाई और जल स्रोत मंत्री श्रुति चौधरी के पर्सनल असिस्टेंट(पीए) नरेंद्र कुमार हैं। थाना पुलिस काे दी गई शिकायत में कहा गया है कि अज्ञात के खिलाफ पहचान बदलने, धोखाधड़ी और सरकारी कर्मियों पर अनुचित प्रभाव डालने के आरोपों में एफआईआर दर्ज की जाए। शिकायत में कहा गया है कि एक व्यक्ति तिलक करन के नाम से मंत्री के ऑफिस मोबाइल नंबर पर कॉल कर रहा है। वह अपनी पहचान बदल कर बहरूपिया बन खुद को राजस्थान भाजपा का जनरल सेक्रेटरी बता रहा है। पीए ने कहा कि यह कॉल्स उन्होंने और प्राइवेट असिस्टेंट राघवन ने रिसीव की थी। आरोपी अनुचित दबाव बना एक फाइल को जल्द मंजूर करने की बात कह रहा था।

आरोपी ने तिलक करन के नाम से ही मंत्री के सीनियर स्पेशल सेक्रेटरी हरिंदर पाल सिंह को भी कॉल की थी। उनसे भी सिंचाई विभाग से जुड़ी उस फाइल को मंजूर करने की मांग की गई। यही नहीं शिकायतकर्ता के निजी नंबर पर भी बार-बार कॉल की गई। पुलिस को दी गई शिकायत में इन कॉल्स के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए गए हैं। वहीं आरोपी ने सिंचाई विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के पीएस नरेश कुमार को भी काॅल की। उन पर भी दबाव बना फाइल को मंजूर किए जाने की मांग की गई। इनके अलावा सिंचाई विभाग के कई अन्य अफसरों को भी कॉल कर फाइल मंजूर करने के लिए कहा गया। शिकायत में कहा गया है कि यह एक गंभीर मामला है। ऐसे में कार्रवाई की मांग की गई है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!