स्टॉक्स और शेयर्स ट्रेडिंग के नाम पर बुजुर्ग महिला से 2.87 करोड़ ठगे

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-16डी की 70 वर्षीय महिला ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें महिला ने आरोप लगाया कि उसे ऑनलाइन स्टॉक्स और शेयर्स ट्रेडिंग के नाम पर 2.87 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए एक प्लेटफॉर्म से संपर्क किया था, जहां आरोपियों ने उसे निवेश करने के लिए उकसाया और फिर उसे धोखाधड़ी का शिकार बना लिया।
पुलिस जानकारी के मुताबिक महिला का कुछ बिजनेस था और वह ऑनलाइन ट्रेडिंग के बारे में जानना चाहती थी ताकि अपने बिजनेस को बढ़ा सके। इसी दाैरान वह सोशल मीडिया के जरिए प्रभात कुमार और श्रेयस कुमार नामक दो लोगों के संपर्क में आई।

प्रभात ने खुद को आईएनएक्स नामक ट्रेडिंग कंपनी के एक ग्रुप का हेड बताया। आरोपी एक व्हट्सएप ग्रुप से जुड़े हुए थे और ऑनलाइन ट्रेडिंग की ऑनलाइन क्लास देते थे। इसमें कई मेंबर्स थे और शिकायतकर्ता भी इससे जुड़ गई। महिला को मुनाफे का झांसा दे आरोपियों ने उन्हें इनवेस्टमेंट के लिए मना लिया। शुरू में महिला को कुछ मुनाफा हुआ। इसके बाद उसे और निवेश के लिए बोल कुल 2.87 करोड़ रुपये लगवा दिए और इस रकम की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने महिला का विश्वास जीतने के लिए कहा कि उनकी कंपनी आरबीआई और सेबी के अधीन है।

शिकायतकर्ता ने मामले में ठगी और इनवेस्टमेंट से जुड़े सभी दस्तावेज और बाकी जानकारी पुलिस को सौंप दी है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में इस मामले की एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), और 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!