तंत्र-मंत्र से पैसे डबल करने का झांसा दे बुजुर्ग से 9.55 लाख की ठगी, पुराने दाेस्त समेत तीन आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम

चंडीगढ़। तंत्र-मंत्र से पैसे डबल करने का झांसा देकर गांव खुड्‌डा जस्सू के 60 वर्षीय बुजुर्ग से 9.55 लाख रुपये की ठगी कर 3 लोग फरार हो गए। इनमें एक आरोपी केपी बलबीर सिंह शिकायतकर्ता का 10-12 साल पुराना दोस्त था। सारंगपुर थाना पुलिस ने गांव खुड्‌डा जस्सू के दिलबाग सिंह की शिकायत पर ठगी का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पेशे से एंबुलेंस चालक दिलबाग से ठगी दो किश्तों में हुई। 10 फरवरी को उनका पुराना दोस्त बलबीर सिंह दो लोगाें को लेकर उनके घर आया था। उसने कहा कि यह दाेनों तंत्र-मंत्र से रुपये डबल करना जानते हैं। दोनों ने शिकायतकर्ता की आंखों के सामने बलबीर के कहने पर 10 के 20 रुपये और 500 रुपये के 1000 रुपये इल्म के साथ बना दिए। उनके झांसे में आ शिकायतकर्ता ने उसी दिन 3.55 लाख रुपये दे दिए। ठगों ने शिकायतकर्ता को पूजा का सामान थमा दिया।

इसके बाद 12 तारीख को आए और कहा दिन अच्छा नहीं फिर अगले दिन सुबह और फिर शाम 5 बजे आए। दाेनों ठग शिकायतकर्ता को पूजा वाले कमरे में ले गए और 5 किलो आटा, 6 किलो देसी घी, 1 किलो काजू-बादाम, 6 मीटर कपड़ा और रजिस्टर मंगवाया। वहीं कहा कि घर में जितने पैसे हैं ले आओ। शिकायतकर्ता कुल 6 लाख रुपये ले आया। ठगों ने कहा कि वही पूजा में बैठे और परिवार का कोई और सदस्य न आए। दरवाजा बंद कर मंत्र पढ़े गए। इसके बाद 6 लाख रुपये लोहे के बॉक्स में रखवा दिए। शिकायतकर्ता को कहा कि आधे घंटे बाद बॉक्स खाेले, तब तक रकम डबल हो जाएगी। फिर बाकी सामान समेट बोले कि यह सब गुरूद्वारा साहिब में देकर आते हैं। शिकायतकर्ता भी उनके साथ चल निकला। गुरुद्वारा के पास आरोपी सफेद रंग की पंजाब नंबर कीर गाड़ी में सवार हो भाग गए। घर आकर बॉक्स खोला तो उसमें रजिस्टर ही था। पुलिस गाड़ी नंबर के जरिए ठगों का पता लगा रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!