चंडीगढ़। अपने दामाद की दिनदिहाड़े डिस्ट्रिक्ट काेर्ट में गोलियां मार हत्या करने के आरोपी पंजाब पुलिस के पूर्व एआईजी मालविंदर सिंह सिद्धू के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में बुधवार को चार्जशीट दायर कर दी। अब सिद्धू पर आरोप तय की कार्रवाई के लिए 11 नवंबर की तारीख तय की गई है। हरप्रीत की हत्या के बाद उसकी मां ने अपने एक रिश्तेदार के भी वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने उस रिश्तेदार को जांच में शामिल किया था मगर उसका रोल सामने नहीं आया था। कोर्ट में सर्विस ब्लॉक के सेकंड फ्लोर पर मीडिएशन सेंटर के कॉरिडोर में 3 अगस्त की दोपहर यह हत्या हुई थी। मृतक हरप्रीत(34) 2011 बैच का इंडियन सिविल अकाउंट सर्विसेज(आईसीएएस) अफसर था।
हरप्रीत की पाेस्टिंग नई दिल्ली में एग्रीकल्चर एंड फार्मर्स मिनिस्ट्री में कंट्रोलर अॉफ अकाउंट्स के रूप में थी। उसके पेट और कमर के निचले हिस्से में पीछे गोली लगी थी। वह काफी देर वह मीडिएशन सेंटर में तड़पता रहा था। बाद में एक वकील की गाड़ी से उसे पीजीआई पहुंचाया गया था जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने सिद्धू के खिलाफ केस दर्ज कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली थी। हरप्रीत और सिद्धू की बेटी अमितोज का तलाक का केस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेंडिंग था और मीडिएशन में उनके केस की सुनवाई चल रही थी। अमितोज कैनेडा में थी और उसकी तरफ से सिद्धू सुनवाई के लिए आए हुए थे। जुलाई, 2020 में अमितोज-हरप्रीत की शादी हुई थी जो काफी कम वक्त चली थी। अमितोज ने हरप्रीत के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज करवाया था। जिसके चलते जनवरी, 2021 में कुछ वक्त हरप्रीत सस्पेंड भी रहा था। हरप्रीत ने मानसिक और शारीरिक क्रूरता के आरोप लगा 2023 में तलाक का केस दायर किया था। हरप्रीत का आरोप था कि सिद्धू ने अपनी पावर का इस्तेमाल कर उसे गिरफ्तार करवाया था और उसका शोषण किया जा रहा था।




