चंडीगढ़। गाड़ियों के टायर चुराने के आरोप में एक व्यक्ति को ठीकरी पहरा लगा गांव वालों ने थाना पुलिस के हवाले करने के बाद गांव के युवाओं से पुलिस की कथित बदतमीजी के विरोध में गांववासियों से सेक्टर-38(वेस्ट) से गांव डड्डूमाजरा को जाती सड़क पर शुक्रवार शाम लगभग 1 घंटा जाम लगाया। मौके पर सेक्टर-39 थाना एसएचओ समेत पुलिस टीम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दे जाम खुलवाया। वहीं गाड़ी के टायर चोरी मामले में पुलिस के हवाले किए गए खुड्डा अलीशेर के बलविंदर सिंह पर मलोया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना एसएचओ चिरंजी लाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस उसका पुराना रिकार्ड भी खंगाल रही है। वहीं ग्रामीणों को पुलिसकर्मी द्वारा कथित बदतमीजी मामले में शनिवार सुबह 11 बजे थाने बुलाया गया है।

वीरवार रात पहरे के दौरान लगभग 2:30 बजे लगभग 40 वर्षीय एक व्यक्ति को जेन गाड़ी के टायर चुराते रंगे हाथों पकड़ एएसआई बलजीत सिंह के हवाले किया गया था। उससे एक तलवार और कुछ नशे का सामान भी मिला था, वह खुद नशे में था। इसके बाद शुक्रवार शाम 5 बजे पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को जांच के सिलसिले में थाने बुलाया। आरोप के मुताबिक यहां 10 से 12 गांववासियों को एएसआई बलजीत ने बदतमीजी करते हुए भगा दिया और कहा कि बेकसूर व्यक्ति को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। इसके खिलाफ गांव के लोगों ने गांव के पास सड़क पर शाम के वक्त ही जाम लगा दिया। इससे ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हुई। जानकारी के मुताबिक वीरवार रात दो मारूति जेन कारों के टायर चोरी की घटना से पहले बुधवार रात मारूति आल्टो कार के भी टायर चोरी हो गए थे। आरोपी खुद गाड़ी में आया था।
डड्डूमाजरा गांव वासी हरप्रीत सिंह व हरविंदर सिंह ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से स्थानीय युवक ठीकरी पहरा लगा रहे हैं। इसकी वजह उनके यहां सरेआम पास की स्थित रिहेबलिटेशन स्कीम के तहत बनाई कॉलोनी के छोटी उम्र के युवक तलवारें लहराते हुए आकर किराएदारों को धमकाते हैं। वहीं रात के वक्त यहां गाड़ियों के टायर चोरी होने की घटनाएं घटने लगी थी। इसे लेकर ही स्थानीय पुलिस की जानकारी में लाकर पहरा लगाया जा रहा था। थाने के बीट से दो पुलिसकर्मी सिर्फ 2 दिन गश्त पर आए और बाद में नहीं आए। पुलिस पर आरोप लगाया गया कि पहले भी कुछ असामाजिक तत्व पुलिस के हवाले करने पर उन्हें छोड़ दिया गया था।




