आरोपी 2 घंटे से ज्यादा बिल्डिंग में छुपा रहा और भागने की कोशिश नहीं की, यह हैरानी भरा

चंडीगढ़। स्नेचिंग केस में मलोया थाना पुलिस द्वारा दो आरोपियों की गिरफ्तारी कोर्ट ने संदिग्ध पाते हुए केस साबित न होता देख सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया। सेक्टर-38 वेस्ट के अजय और अमित पर मलोया थाना पुलिस ने स्नेचिंग और रिकवरी का केस 14 मई, 2022 को दर्ज किया था। कोर्ट ने पाया कि शिकायतकर्ता के बयानों, आईओ व कांस्टेबल अंकित के कोर्ट में दिए बयानों के मुताबिक अजय को पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पकड़ा गया। राजा के मुताबिक घटना 12.50 की थी। वहीं आईओ को जानकारी 2.30-3 बजे मिली। कोर्ट ने हैरानी जताई की आरोपी अजय 2 घंटे से ज्यादा बिल्डिंग में छुपा रहा और भागने की कोशिश नहीं की। आईओ और कांस्टेलब प्रदीप के मुताबिक अमित को खुफिया जानकारी पर 26 मई को राम लीला ग्राउंड के पास से पकड़ा गया। वहीं क्रॉस में आईओ ने कहा कि वह अजय के खुलासे के बाद16 मई को सेक्टर-38 वेस्ट के मकानों के बाहर से पकड़ा गया। इसका मतलब अमित अजय के खुलासे के बाद तुरंत पकड़ा गया था। बाद में आईओ ने कहा 16 नहीं 26 मई को अमित पकड़ा गया। ऐसे में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कोर्ट ने संदिग्ध पाई।

कोर्ट ने पाया कि राजा केस में इकलौता चश्मदीद(शिकायतकर्ता) था, कोई अन्य चश्मदीद जांच में शामिल नहीं हुआ। एसएचओ को कई बार बोलने के बावजूद पूरे ट्रायल के दौरान शिकायतकर्ता को ट्रेस नहीं किया जा सका। कोर्ट ने किसी भी चश्मदीद के न होने पर इसे बिना एविडेंस का केस पाया। ऐसे में रिकवरी भी साबित नहीं हुई। केस का आईओ एएसआई राम गोपाल ने कहा कि उसे केस के तथ्यों को लेकर निजी जानकारी नहीं थी। काेर्ट ने कहा कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का तरीका साबित नहीं कर पाई। चालान के मुताबिक आईओ को अजय के स्पाॅट पर पकड़े जाने काे लेकर खुफिया जानकारी मिली थी।

केस में शिकायतकर्ता बुड़ैल का राजा नामक शख्स था। सेक्टर-38 वेस्ट क्वार्टर के सामने 2 युवकों ने उसे पकड़ उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया था। पर्स में आधार कार्ड व 155 रूपये थे। उसके शोर मचाने पर कुछ युवक वहां आ गए और दो आरोपियों में से एक को उसने पकड़ लिया था। वह खुद को छुड़ा एक बिल्डिंग में छुप गया और पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस को मौके पर बुलाया गया और आरोपी पकड़ा गया। उसका नाम अजय था। उससे मोबाइल बरामद हो गया था। इसके बाद 26 मई, 2022 को पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर अमित को राजा की शिनाख्त पर पकड़ा था। उससे 155 रूपये और पर्स बरामद हो गया था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!