यूटी पुलिस का पूर्व कांस्टेबल ड्रग के साथ गिरफ्तार

चंडीगढ़। यूटी पुलिस के पूर्व कांस्टेबल को डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम ने हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। उसके रिकार्ड को देखते हुए हाल ही में उसे अगस्त में ही जबरन रिटायर किया गया था। मोहाली के अंतर्गत आते गांव पड़च के कुलदीप सिंह(37) को 10.80 ग्राम हेरोइन समेत पकड़ा गया है। सारंगपुर थाने में केस दर्ज हुआ है। वहीं गांव खुड्‌डा लाहोरा के कुलविंदर सिंह उर्फ लंप(32) को भी उसके साथ 8.20 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया गया है। आईआरबी कांप्लेक्स के पास सोमवार देर शाम गश्त के दौरान शक के आधार पर इनकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत केस दर्ज हुआ है। सूत्र बताते हैं कि कुलदीप ड्यूटी पर लंबे वक्त तक गैर-हाजिर रहा था। उस पर कई विभागीय जांच भी चल रही थी। इससे पहले वह कार चोरी केस में भी पकड़ा गया था। सेक्टर-11 थाने में उस पर धोखाधड़ी, जालसाजी का भी केस दर्ज हुआ था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से बरामद ड्रग का स्रोत और आरोपियों की ड्रग तस्करी में संलिप्तता की जांच कर रही है। कुलविंदर का कोई पुराना रिकार्ड सामने नहीं आया है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!