मेक माई ट्रिप समेत 3 एयरलाइंस कंपनियों को हर्जाना भरने के आदेश

चंडीगढ़। कोरोना काल में पत्नी और साली के पॉजिटिव आने के चलते फ्लाइट कैंसिल करने और रिफंड की मांग के बावजूद पूरा रिफंड न देना मेक माई ट्रिप समेत तीन एयरलाइंस कंपनियों इंडिगो एयरलाइंस, स्पाइस जेट एयरलाइंस और एयर इंडिया एयरलाइंस को महंगा पड़ा है। कंज्यूमर कमीशन ने मौजूदा केस की सुनवाई के दौरान कहा कि शिकायतकर्ता 30,444 रुपये रिफंड का हकदार है। ऐसे में यह रकम 9 प्रतिशत ब्याज समेत रिफंड करने के आदेश दूसरी पार्टी को जारी हुए हैं। वहीं 15 हजार रुपये हर्जाना और 10 हजार रुपये अदालती खर्च के रूप में भी भरने को कहा गया है। 2022 में सेक्टर-49बी के अतुल विज ने यह शिकायत दायर की थी। दायर केस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने जयपुर और उदयपुर आने-जाने के लिए 83,500 रुपये में मेक माई ट्रिप के जरिए कुल 4 टिकटें बुक करवाई थी। हालांकि कोविड के चलते दिसंबर, 2021 में उनकी पत्नी और साली पॉजिटिव आ गई थी। ऐसे में शिकायतकर्ता के फ्लाइट न चढ़ पाने के चलते बुकिंग कैंसिल और रिफंड की मांग की थी। हालांकि सिर्फ 15 हजार रुपये वापस किए गए। कई बार मांग के बावजूद पूरा रिफंड न मिलने पर कंज्यूमर कमीशन में शिकायत दी गई थी। वहीं दूसरे पक्ष ने जवाब में कहा कि वह शिकायतकर्ता को कुल रकम में से 51,262 रुपये रिफंड कर चुके थे। ऐसे में रकम का उचित आंकलन के बाद इस रिफंड के आदेश जारी किए गए।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!