बैंको को करोड़ों रुपये का चुना लगाने के आरोप में इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट की चंडीगढ़ युनिट ने गुगलानी ग्रुप से जुड़ी कंपनियों के ऑफिस आदि में सर्च की है। चंडीगढ़ समेत बद्दी, पंचकूला, मोहाली, अमृतसर दिल्ली और अहमदाबाद में कुल 11 जगहों पर एक सर्च चलाई। यह कार्रवाई सुपर मल्टीकलर प्रिंटर्स प्रा.लि. और दून फूड प्राइवेट लिमिटेड व उनके डायरेक्टर्स/प्रमोटर्स सुनील गुगलानी, सुमन गुगलानी व अन्य द्वारा कथित रूप से किए गए 2 बैंक धोखाधड़ी केसों के संबंध में की गई। ईडी की तलाशी में कई नए बैंक खातों का पता चला है और 3 लाख रुपये की नकदी, संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।
आरोप के मुताबिक धोखाधड़ी में बैंकों को कुल 125.40 करोड़ और 53.88 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। उधार लेने वाली कंपनियां मल्टीकलर ऑफसेट प्रिंटिंग और कंप्यूटर स्टेशनरी के बिजनेस से जुड़ी हैं। ईडी ने यह कार्रवाई इन कंपनियों और इनके डायरेक्टर/प्रमोटर्स के खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर बैंकों के संघ को कुल 179.28 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में की है। इन बैंकों में पीएनबी, केनरा बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं।
धोखाधड़ी करने वाली कंपनियों ने कंसोर्टियम बैंकों से लोन लेने के लिए जाली दस्तावेजों और धोखाधड़ी से बढ़ा-चढ़ाकर वित्तीय परिणाम का प्रयोग किया। वहीं बाद में इसे अपने समूह की कंपनियों जैसे शिवेक लैब्स लिमिटेड, सुपर हेल्थ केयर, स्काई ब्लू पेपर्स, यार्क पॉलीमर आदि व अन्य फर्जी कंपनियों में फर्जी बिक्री/खरीद लेनदेन के नाम पर ट्रांसफर कर दिया।




