चंडीगढ़। शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे गांव खुड्डा लाहाेरा में खेतों के बीच एक 40 वर्षीय व्यक्ति की गला कटा लाश बरामद हुई। खुड्डा लाहौरा पुल से नाडा पुल की तरफ जाती रोड पर एक शराब का ठेका आता है। ठेके से थोड़ा आगे नदी की दूसरी तरफ यह शव पड़ा मिला है। खेत के साथ ही एक एडवाेकेट का फार्म हाउस है। मौके पर सारंगपुर थाना पुलिस, डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल, मोबाइल फोरेंसिक, सीएफएसएल की टीमें पहुंची। मृतक का गला बुरी तरह कटा हुआ था और उसका दायां हाथ छाती पर था और अंगुलियों में एक चापड़ था। मृतक की पहचान जिया उल के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे उसके पिता मंगरू ने उसकी पहचान की। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें उठा कर पास के फार्म हाउस ले जा लिटाया गया। जिस खेत में लाश मिली वह खुड्डा लाहोरा के ही एक व्यक्ति का है।
मृतक अविवाहित था और शराब व बीड़ी पीने का आदी बताया गया है। पुलिस को शव के पास एक लाइटर भी मिला है। परिवार के मुताबिक वह 4-5 साल पहले सेक्टर-38 मोटर मार्किट में मैकेनिक था मगर बीते कुछ सालों से कोई काम नहीं कर रहा था। लाश नंगे पैर थी। उसकी पेंट और घटनास्थल पर झाड़ियों पर खून लगा हुआ था। वह अपनी एक अविवाहित बहन, बुजुर्ग माता-पिता के साथ जनता काॅलोनी मंे रह रहा था। खेत के साथ ही फार्म हाउस में अपने दो बेटों, दो बेटियों, एक बहु और पोते-पोतियों के साथ 14 सालों से रह रही मूलरूप से यूपी के मुरादाबाद की धनवती के भी पुलिस ने बयान दर्ज किए। वहीं फार्म हाउस का विजिट करते हुए यहां पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ की। मृतक का शनिवार पोस्टमार्टम होगा। इसमें मौत के कारणों और शरीर पर चोटों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई है।
धनवती के मुताबिक फार्म हाउस में पशु रखे हुए हैं। उसका बेटा सुबह खुड्डा लाहाेरा में दूध देने जाता है। जैसे धनवती बेटे के साथ जाने लगी उसे कुत्तों के भोंकने की आवाजें आई जहां सामने खेत में लाश दिखी और पहले फार्म हाउस मालिक को बताया फिर उसके बेटे अनिल ने पुलिस को कॉल किया। धनवती के मुताबिक आसपास के क्षेत्र में लोग हर तरह के नशे करते हैं और इंजेक्शन लगाने आते हैं।
साल पहले हुआ था झगड़ा:
मृतक के जीजा गुल्फाम के मुताबिक मौके से जो बड़ा सा चाकू मिला है वह मृतक के घर का ही है। यह घर से गायब है। उसके मुताबिक मृतक अक्सर शराब पीता था। उसका लगभग साल पहले दो पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। उस दौरान उसके पिता के पैर में चोट आई थी और रॉड भी पड़ी थी। नयागांव थाने में शिकायत भी दी गई थी। लगभग 4 महीने पहले भी मृतक की पड़ोसियों से बहस हुई थी। मृतक शराब पीकर ऊंची आवाज में टीवी चलाता था जिसके चलते पड़ोसियों से बहसबाजी हो जाती थी। मृतक का पिता 2011 में गवर्नमेंट सर्विस से रिटायर हुए थे। परिवार मृूलरूप से यूपी के अमेठी का है।
साइकिल और चप्पलें घर पर थी:
परिवार के मुताबिक मृतक अक्सर साइकिल पर घर से निकलता था मगर इस बार उसकी साइकिल और चप्पल दोनों घर पर थी। मृतक की बहन के मुताबिक वह रात लगभग 12 बजे निकला और मां के मुताबिक रात 2 बजे निकला था। कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे भी हैं। पुलिस उनके जरिए मृतक की टाइमिंग और हाथ में किसी चाकू के होने आदि का पता लगा रही है। गुल्फाम के मुताबिक वारदात वाली जगह और उसके घर के बीच लगभग 3 किलोमीटर की दूरी है। उसके मुताबिक यह हत्या का मामला है क्योंकि वह नंगे पैर घर से क्यों निकलेगा और इतनी दूरी तक पैदल क्या करने जाएगा। अपने गले पर कोई इतना गहरा कट क्यों मारेगा।
अनसुलझे सवाल
मृतक देर रात नंगे पैर बिना साइकिल के घर से इतनी दूर खेतों तक कैसे पहुंचा?
कोई खुद का गला इतनी बेरहमी से कैसे काटेगा और आत्महत्या करने इतनी दूर क्यों आएगा?
धनवती के मुताबिक आसपास खेतों में लोग नशे करने आते हैं, ऐसे में क्या झगड़े के दौरान यह हत्या हुई?
दांय हाथ से अपने गले पर चापड़ मार आत्महत्या के बाद झटपटाहट के बीच चापड़ हाथ से क्यों नहीं छूटा?
खून के निशान आसपास की झाड़ियों पर भी मिले हैं, हाथ में चापड़ की ग्रिप बेहद ढीली क्यों थी?
अगर खेत में ही आत्महत्या की गई थी तो मृतक के दर्द से चीखने की आवाजें रात को किसी ने क्यों नहीं सुनी?




