चंडीगढ़। दिवाली से एक दिन पहले बुधवार रात लगभग 11:30 बजे पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सेक्टर-24 के एक ढाबे के कारिंदे की बेरहमी से तेजधार हथियार व क्रिकेट की विकेट से वार कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने हमले के बाद उस पर ढाबे के बाहर रखा भारी-भरकम फ्रिज गिरा दिया और फरार हो गए। खून से लथपथ इस कर्मी को लहुलूहान हालत में सेक्टर-16 हॉस्पिटल पहुंचाया गया मगर उसे बचाया नहीं जा सका। मृतक की पहचान जसप्रीत उर्फ जस्सी(37) के रूप में हुई है। वहीं ढाबे से कुछ ही दूर उसका रिश्तेदार परिवार समेत रहता है। वहीं इस हमले में ढाबे पर काम करने वाले एक लगभग 27 साल के मुक-बधिर कारिंदे आकाश के सिर पर तेजधार हथियार से गंभीर हमला हुआ और उसके 32 टांके लगे। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जस्सी ढाबे पर लगभग 2साल से काम कर रहा था। वह शादीशुदा था लेकिन उसका तलाक हो गया था। वहीं, आकाश छोटी उम्र से ही इसी ढाबे पर काम करता था। जस्सी और आकाश ढाबे पर ही सोते थे।
सेक्टर-11 थाना पुलिस ने ढाबा संचालक के बेटे पंकज कुमार की शिकायत पर हत्या व हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया है। वहीं कुल 7 आरोपियों में से एक साढ़े 16 साल के नाबालिग समेत 6 आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं बाकी आरोपियों का रिमांड लेकर फरार आरोपी व हथियारों को लेकर पूछताछ जारी है। इनकी पहचान सेक्टर-25 कॉलोनी के सागर(24), जोगिंदर(22), गुरमीत उर्फ आशु(24), वीरू बिरला(19) व राजी(साढ़े 18 साल) के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उनका ढाबा रात 11 बजे तब पब्लिक के लिए बंद हो जाता है। बुधवार रात ढाबा बंद होने के बाद यहां 4 युवक आए जिन्होंन शराब पी रखी थी। उन्होंने ढाबा कारिंदों से 60 रूपये का चिकन मांगा। कारिंदों ने कहा कि ढाबा बंद हो गया है और उन्हें मना कर दिया। हमलावर बहस कर यहां से चले गए और कुछ देर में वापस आए और जसप्रीत व आकाश पर जानलेवा हमला कर दिया। जसप्रीत की गर्दन पर पहले पीछे से जोर से विकेट मारी जिससे विकेट भी आधी टूट गिर गई थी। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया था।
पुलिस के मुताबिक पहले ढाबे पर 4 आरोपी आए और उनका पांचवा साथी मार्किट में ही घूम रहा था। ढाबे से चिकन न मिलने पर बहसबाजी के बाद वह सेक्टर-25 कॉलोनी के ही 2 और साथी लेकर हथियारों समेत फिर आए। ढाबा मालिक व उसके दोनों बेटों समेत आसपास के दुकानदारों के जाने का इंतजार करने के बाद 4 हमलावरों ने वारदात की, वहीं उनके 3 साथी पार्क में बैकअप के लिए मौजूद थे। घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर कुछ ही घंटों में सेक्टर-24 चौकी पुलिस ने दबोच लिए




