चंडीगढ़। वर्ष 2010 के चर्चित एमबीए स्टूडेंट रेप-मर्डर केस को सुलझाते हुए आरोपी सीरियल किलर को 14 साल बाद पकड़ने वाले मलोया थाना एसएचओ इंस्पेक्टर जसपाल सिंह को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2024 के लिए चुना गया है। सेक्टर-38 की शाहपुर कॉलोनी निवासी मोनू(39) को पकड़ वर्ष 2022 और 2024 में शहर में 2 अन्य महिलाओं की हत्या के केस भी पुलिस ने सुलझाए थे। लम्बी जाँच, सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ व डीएनए रिपोर्ट मैच होने से आरोपी इसी साल पकड़ में आया था। इंस्पेक्टर जसपाल को इनवेस्टिगेशन फील्ड में यह पदक मिलेगा।
कुल 463 पुलिसकर्मियों को दिल्ली में होने वाले सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें जसपाल सिंह इकलौते यूटी पुलिसकर्मी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंजूरी के बाद इन अफसरों को पदक के लिए चुना गया है। स्पेशल ऑपरेशन, इनवेस्टिगेशन और फोरेंसिक साईंस की फील्ड में अफसरों/पुलिसकर्मियों को यह पदक मिलेगाें। स्पेशल ऑपरेशन फील्ड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एनसीबी, एनआईए, समेत 8 राज्यों के विभिन्न रैंक के कुल 348 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसी तरह इनवेस्टिगेशन फील्ड में 22 राज्यों, 3 यूटी, सीबीआई, एनआईए और एनसीबी के 107 पुलिसकर्मी/अफसर शामिल हैं। फोरेंसिक साईंस फील्ड में 8 राज्यों के 8 अफसर शामिल हैं




