डीसीपी सृष्टि गुप्ता का सख्त संदेश: “तस्कर पंचकूला छोड़ें या यह गोरखधंधा”
पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने अपराध नियंत्रण और नशा तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान 10 जुलाई को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध व नशा विरोधी कार्रवाई के संबंध में आयोजित बैठक के निर्देशों के तहत अधिक सक्रियता से प्रारंभ किया गया है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन में, आज डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने डीसीपी क्राइम अमित दहिया की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नए निर्देश
इस बैठक में डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। चोरी, स्नैचिंग, और सेंधमारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों को अधिक अनुशासित और संवेदनशील रवैया अपनाने की हिदायत दी गई। थाना-वार अपराध डेटा का विश्लेषण कर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया गया और सुधार के लिए रणनीतियों पर गंभीरता से चर्चा हुई। डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने इस दौरान अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी व तकनीकी तरीकों पर जानकारी साझा की।
लंबित मामलों और महिला अपराधों पर विशेष ध्यान
बैठक में लंबित मामलों, विशेषकर महिला अपराधों पर विशेष ध्यान देने और 15 दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। डीसीपी ने आदेश दिया कि सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज स्वयं शिकायतकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनें, खासकर महिलाओं के मामलों में नम्र व्यवहार अपनाया जाए।
बाहरी लोगों की पहचान हेतु विशेष अभियान
पुलिस ने आज से पंचकूला में बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। डीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि ईआरवी, पीसीआर व राइडर की सहायता से बाजारों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रह रहे बाहरी लोगों की पहचान कर उनके दस्तावेजों की जांच की जाए और उनके बारे में जानकारी जुटाई जाए। यह कार्रवाई तुरंत थाना और चौकी स्तर पर शुरू कर दी गई है, और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी हो तो वे पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0172-2582100 या 7508324900 पर सूचना दें। सूचना मिलने के बाद सत्यापन कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गश्त में कमी पर सीधे डीसीपी को दें सूचना
डीसीपी ने नागरिकों को यह भी आश्वस्त किया है कि यदि किसी क्षेत्र में गश्त की कमी महसूस हो रही हो, तो वे सीधे डीसीपी पंचकूला के मोबाइल नंबर 8146630005 पर व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी दे सकते हैं। इस पर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा और गश्त को बेहतर बनाया जाएगा।
नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
नशा तस्करी, शराब तस्करी और जुए के अड्डों पर नकेल कसने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “या तो तस्कर पंचकूला छोड़ें या यह गोरखधंधा”। नशा तस्करों से पंचकूला को पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। इस संबंध में कार्रवाई आज से ही प्रारंभ हो गई है और पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है।
पुलिस का लक्ष्य: अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास
डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपराधिक सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचें और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास पैदा करना है, जो तभी संभव होगा जब पुलिस अधिक अनुशासित और संवेदनशील होगी।
इसके साथ ही, डीसीपी ने कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को सतर्क किया है और निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर पूरी सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया जाए और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।




